निजी चैनलों को पीछे छोड़ते हुए ‘रामायण’ ने दूरदर्शन को नंबर वन बना दिया है। शो को दर्शकों ने बेहद पसंद किया। दो मई को ‘उत्तर रामायण’ का आखिरी एपिसोड दिखाया गया। अब ‘रामायण’ की जगह रामानंद सागर के ही एक और सीरियल ‘श्री कृष्णा’ का प्रसारण होने जा रहा है।

‘रामायण’ के स्लॉट पर ‘श्री कृष्णा’ का प्रसारण होगा। दूरदर्शन पर ‘रामायण’ के शुरू होने के बाद से ही सोशल मीडिया पर यूजर्स ‘श्री कृष्णा’ को भी दिखाने की मांग कर रहे थे। दर्शकों की मांग को देखते हुए चैनल ने पहले ही एलान कर दिया था कि ‘श्री कृष्णा’ दोबारा दिखाया जाएगा।

दूरदर्शन ने एक ट्वीट करके बताया कि ‘रामायण’ के स्थान पर टीवी पर ‘श्री कृष्णा’ का प्रसारण होगा। शो में दर्शक अब कृष्ण की लीलाएं देख सकेंगे। फैंस के लिए ये किसी खुशखबरी से कम नहीं है। श्री कृष्णा तीन मई से रात नौ बजे प्रसारित होगा। अगले दिन सुबह नौ बजे इसका रिपीट टेलीकस्ट आएगा।

दूरदर्शन ने जो ट्वीट किया उसमें लिखा- ‘वसुदेवसुतं देवं कंसचाणूरमर्दनम्। देवकी परमानन्दं कृष्णं वन्दे जगद्गुरुम्। आज रात नौ बजे देखिए भगवान कृष्ण की लीला और उनके महिमा की कथा हमारी पेशकश धारावाहिक ‘श्री कृष्णा’ सिर्फ दूरदर्शन के राष्ट्रीय चैनल पर।’

बता दें कि रामानंद सागर के इस शो का पहली बार प्रसारण साल 1993 में हुआ था। इसमें अभिनेता सर्वदमन डी बनर्जी कृष्ण बने थे। वहीं कृष्ण के युवावस्था का रोल स्वप्निल जोशी ने निभाया था। दोनों ही अभिनेताओं को बेहद पसंद किया गया था। बहरहाल, दूरदर्शन को भी उम्मीद होगी कि जिस तरह से ‘रामायण’ ने टीवी पर सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए ‘श्रीकृष्णा’ को भी वैसी ही प्रतिक्रिया मिलेगी।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here