भारत में कोरोना वायरस का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। इस वायरस से संक्रमित होने वाले मरीजों की संख्या 39 हजार से ज्यादा हो गई है। वहीं 1301 लोग मर चुके हैं। कोरोना वायरस के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए सरकार ने 17 मई तक लॉकडाउन की सीमा बढ़ा दी है। वहीं इस लॉकडाउन के चलते दिहाड़ी मजदूरों और गरीब लोगों को आर्थिक मुश्किलों का सामना करना पड़ा रहा है।
हालांकि सरकार इन मजदूरों के कल्याण के लिए अपने तरफ से हर संभव कोशिश कर रही है। वहीं कई बॉलीवुड सितारे भी अपनी ओर से कोरोना वायरस और लॉकडाउन की मार झेल रहे लोगों की मदद के लिए आगे आ रहे हैं। साथ ही सोशल मीडिया के जरिए अपने फैंस से जुड़े हुए हैं। इस बीच बॉलीवुड अभिनेत्री और अभिनेता सैफ अली खान की बहन सोहा अली खान ने प्रवासी मजदूरों के लिए चिंता जाहिर की है। साथ ही उनकी मदद के लिए सबसे अपील भी की है।
सोहा अली खान ने अपने ऑफिशियल ट्विटर अकाउंट पर प्रवासी मजदूरों की लिए चिंता जताई, साथ ही लोगों से उनकी मदद करने की अपील है। सोहा अली खान ने अपने ट्वीट में लिखा, ‘कोविड-19 ने धारावी पर हमला किया है, मुंबई में एशिया का सबसे बड़ा स्लम। इसे फैलने से रोकने का सिर्फ एक ही रास्ता है, लोग घर पर रहें। कृपया 50 हजार प्रवासी मजदूरों को राशन उपलब्ध कराने में हमारी मदद करें, जिनके पास लॉकडाउन के दौरान कोई कमाई और खाना नहीं है’।
सोहा अली खान के इस ट्वीट पर तमाम सोशल मीडिया और उनके फैंस अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं। गौरतलब है कि भारत में महाराष्ट्र ऐसा राज्य है जहां कोरोना वायरस से पीड़ितों की संख्या हर दिन बढ़ती जा रही है। धारावी में मामले बढ़ते जा रहे हैं। वहीं महाराष्ट्र सरकार ने उन गतिविधियों की एक सूची जारी की है, जिसमें यह कहा गया है कि राज्य के विभिन्न जोन में किस चीज की अनुमति रहेगी और किस चीज की नहीं।
केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में 2644 नए मामले सामने आए हैं और 83 लोगों की मौत हुई है, जो अब तक एक दिन में सर्वाधिक मौत है। इसके बाद देशभर में कोरोना पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 39,980 हो गई है। जिसमें 28,046 सक्रिय हैं, 10,633 लोग स्वस्थ हो चुके हैं या उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है और 1301 लोगों की मौत हो चुकी है।