मुंबई में फिर आफत की बारिश, 26 साल का रिकॉर्ड टूटा, देखें मूसलाधार बारिश ने कैसे मायानगरी को डुबोया

मुंबई में मंगलवार से ही झमाझम बारिश हो रही है। मूसलाधार बारिश का आलम यह है कि इसने न सिर्फ मायानगरी की रफ्तार रोक दी है, बल्कि सड़कों पर घुटनों तक पानी भर गया है। कुल मिलाकर कहा जाए तो मुंबई में 24 घंटे की मूसलाधार बारिश ने पिछले 26 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। इस सीजन में उपनगरीय मुंबई में मंगलवार शाम और बुधवार सुबह लगातार मूसलाधार बारिश हुई और 273.6 मिमी वर्षा दर्ज की गई।

मुंबई की यह बारिश 26 साल (1994-2020) में 24 घंटे की सितंबर की दूसरी सबसे बड़ी बारिश है और 1974-2020 के दौरान दर्ज की गई 24 घंटे की सितंबर की चौथी सबसे बड़ी बारिश भी है। मंगलवार की बारिश ने एक बार फिर से मुंबईवालों के जीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। लोग जहां-तहां फंसे नजर आए।

मंगलवार रात को लगातार हुई मूसलधार बारिश ने मुंबई के कई इलाकों को जलमग्न कर दिया है। सड़कों पर जलभराव का आलम ऐसा है, मानों सड़कें दरिया बन गईं हों। मंगलवार को रातभर बारिश हुई है और बुधवार सुबह भी मुंबई तेज बारिश का गवाह बना है। रेलवे ट्रैक पर पानी भरा है और लोग सियोन स्टेशन पर फंसे नजर आए।

मंगलवार को सुबह 8.30 बजे और बुधवार को सुबह 5.30 बजे के बीच सांताक्रूज़ मौसम केंद्र ने 273.6 मिमी (बेहद भारी) बारिश दर्ज की, जबकि दक्षिण मुंबई के प्रतिनिधि कोलाबा सेंटर ने 122.2 मिमी (बहुत भारी) बारिश दर्ज की। इनमें से उपनगरों ने मंगलवार को छह घंटे (शाम 5.30 बजे से 11.30 बजे) तक 107 मिमी बारिश दर्ज की और शेष 166.6 मिमी बुधवार सुबह 11.30 बजे से बुधवार सुबह 5.30 बजे तक, जबकि दक्षिण मुंबई में मंगलवार (शाम 5.30 बजे) छह घंटे में 89 मिमी बारिश दर्ज की गई। बुधवार सुबह 11.30 बजे तक और शेष 33.2 मिमी बारिश दर्ज की गई।

मौसम विभाग का मानना है कि मुंबई में आज यानी बुधवार को भी बादल छाए रहेंगे और तेज बारिश होगी। मुंबई में बारिश के बीच लोकल ट्रेनों के संचालन को कैंसल कर दिया गया है। पश्चिमी रेलवे के अनुसार, चर्चगेट से अंधेरी के लिए चलने वाली लोकल ट्रेन को बारिश की वजह से रद्द कर दिया गया है। इसके अलावा विरार से अंधेरी तक लंबी दूरी की स्पेशल ट्रेन को रिशेड्यूल किया गया है।

24 घंटे के इस मूसलाधार बारिश से पहले मुंबई उपनगर में इस सीजन में सबसे भारी बारिश 3 से 4 अगस्त के बीच 268.6 मिमी दर्ज की गई थी। हालांकि, दक्षिण मुंबई के लिए 5 और 6 अगस्त के बीच 331.2 मिमी दर्ज किया गया था। अगर 24 घंटे की बारिश के रिकॉर्ड की बात करें तो 20 सितंबर 2016 को मुंबई में 303.7 मिमी वर्षा दर्ज की गई थी। इससे पहले 312.4 मिमी 23 सितंबर 1993 में और 318.02 मिमी बारिश 23 सितंबर 1981 में बारिश दर्ज की गई थी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here