बुलंदशहर में एक और घटना : छेड़छाड़ से परेशान नाबालिग लड़की ने खाया जहर, हालत गंभीर 

अनूपशहर में गैंगरेप पीड़िता के आत्महत्या करने और जहांगीराबाद में रेप पीड़िता दलित किशोरी को जिंदा जलाने की घटना के बाद अब गुलावठी थाना क्षेत्र के एक गांव में दो मनचलों ने घर में घुसकर नाबालिग किशोरी के साथ छेड़छाड़ की। छेड़छाड़ से क्षुब्ध होकर किशोरी ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या का प्रयास किया। गंभीर हालत में किशोरी को गुलावठी के एक निजी नर्सिगहोम ले जाया गया। किशोरी के पिता ने गांव के ही दो लोगों के खिलाफ छेड़छाड़ की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार एक गांव निवासी नाबालिग किशोरी घर में अकेली थी। परिजन खेतों पर गए हुए थे। इस बीच दो लोगों ने घर में घुसकर किशोरी के साथ छेड़छाड़ तथा अश्लील हरकतें की। आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। बाद में किशोरी ने छेड़छाड़ से क्षुब्ध होकर जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या करने की कोशिश की। किशोरी के परिजन जब घर लौटे तो किशोरी ने घटनाक्रम के बारे में जानकारी दी। किशोरी को गंभीर हालत में गुलावठी के एक नर्सिगहोम ले जाया गया। जहां उसका उपचार किया जा रहा है। इस बीच सीओ नम्रता श्रीवास्तव व तहसीलदार संजय सिंह गुलावठी पहुंचे तथा किशोरी के बयान लिए। किशोरी के पिता ने गांव के ही दो लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने घर में घुसकर छेड़छाड़ करने, पोक्सों एक्ट व जान से मारने की धमकी देने की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर दोनों आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

किशोरी के पिता की तहरीर पर दो लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। एक आरोपी नाबालिग है तथा दूसरा आरोपी दिव्यांग है।

सचिन मलिक, इंस्पेक्टर थाना गुलावठी

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here