किसान बिल के विरोध प्रदर्शन में कांग्रेस यूपी अध्यक्ष अजय लल्लू फिर गिरफ्तार

एक बार फिर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू गिरफ्तार हो गए हैं। किसान बिल का विरोध कर रहे अजय लल्लू को पुलिस ने परिवर्तन चौक से गिरफ्तार किया। इसके बाद अन्य कांग्रेसी नेताओं के साथ उनको ईको गार्डन ले जाया गया। कांग्रेसियों की पुलिस से नोकझोंक और धक्कामुक्की भी हुई।

मोटरसाइकिल से अजय लल्लू सोमवार दोपहर संसद में पास हुए कृषि कानूनों का विरोध करने पहुंचे थे। प्रदीप कन्नौजिया, एनएसयूआई के राहुल मिश्र समेत कई अन्य नेता भी बड़ी संख्या में समर्थकों के साथ मौके पर पहुंच गए। प्रदर्शन की जानकारी पुलिस को पहले से हो गयी थी। सभी नेताओं को गिरफ्तार कर लिया। इस बीच कांग्रेसी सरकार की नीतियों को जनविरोधी बताते हुए नारेबाजी करते रहे।

उधर बाराबंकी से लखनऊ प्रदर्शन में आने वाले कांग्रसियों को हाउस अरेस्ट कर लिया गया। बाराबंकी में राजधानी जाने वाली सभी सड़कों पर पुलिस सतर्क रही। कुर्सी रोड पर थाने के समीप, लखनऊ सुल्तानपुर हाईवे पर छबील चौकी के पास, अयोध्या हाई पर चौपुला के पास लखनऊ जाने वाले हरेक वाहनों की जांच की। अयोध्या हाईवे पर कई वाहनों से जा रहे कांग्रेसी कार्यकर्ताओं को सफदरगंज नवीन मण्डी में अघोषित रूप से हिरासत में लेकर कुछ घंटे बैठाए रखा गया।

पदाधिकारियों को किया गया नजरबंद : कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता और राज्यसभा सदस्य डा़ पीएल पुनिया के आवास पर रात में ही कई पदाधिकारी व कार्यकर्ता आकर रुके थे। सुबह छह बजे सभी लखनऊ निकलने की तैयारी में थे कि पुलिस बल आ गई और पाबंदी लगा दी कि कोई बाहर नहीं जाएगा। इसी प्रकार सिरौलीगौसपुर ब्लाक के अध्यक्ष दुर्गेश दीक्षित समेत कई नेताओं को उनके घरों में ही नजरबंद कर दिया गया। सभी के घरों पर सिपाही व दरोगा तैनात कर दिए गए थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here