देश में कोरोना संक्रमित बढ़ रहे हैं। फिक्रमंदी के इस दौर में एक अच्छी खबर आई। दिल्ली के ऑल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (एम्स) के एक डॉक्टर की कोरोना पॉजिटिव पत्नी ने शुक्रवार रात एक स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया। खास बात ये है कि पति और पत्नी दोनों पॉजिटिव थे। लेकिन, बच्चा बिल्कुल स्वस्थ है। हालांकि, ऐहतियात के तौर पर मां और बेटे को फिलहाल क्वारैंटाइन किया गया है। दिल्ली में कोरोना पॉजिटव द्वारा स्वस्थ बच्चे को जन्म दिए जाने का यह पहला मामला है। फिजियोलॉजी विभाग के ये रेसिडेंट डॉक्टर कुछ दिनों पहले कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे। कुछ घंटे बाद उनकी गर्भवती पत्नी की टेस्ट रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई।

एम्स के मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉक्टर डीके शर्मा के मुताबिक, डिलिवरी सीजेरियन प्रॉसेस से कराई गई। डॉक्टर नीरजा बैटला की टीम ने यह ऑपरेशन किया। टीम के हर मेंबर ने पसर्नल प्रोटेक्शन इक्विपमेंट (पीपीई) पहने। सभी उपकरण डिसइनफेक्ट किए गए। बाद में डॉक्टर नीरजा ने कहा, “हम जल्द यह फैसला करेंगे कि बच्चे का कोरोना टेस्ट के लिए सैम्पल लिया जाए या नहीं। मां बच्चे को फीडिंग करा सकती हैं। क्योंकि, कोरोना इन्फेक्शन मां के दूध से नहीं फैलता। ऐहतियात के तौर पर फिलहाल, मां और बच्चे को क्वारैंटाइन किया गया है।”

पिछले महीने चीन में भी कोरोना संक्रमित 33 साल की महिला ने स्वस्थ बच्ची को जन्म दिया था। गर्भावस्था के 37वें सप्ताह में उस बच्ची का जन्म भी सीजेरियन प्रॉसेस से हुआ था। महिला चीन के शांक्सी प्रांत की रहने वाली थी। जन्म के बाद नवजात का कोरोना टेस्ट किया गया। रिपोर्ट नेगेटिव आई। कुछ दिनों तक मां और बच्ची दोनों को डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया। इसके बाद दूसरा टेस्ट किया गया। इसकी रिपोर्ट भी नेगेटिव आई।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here