पुलिस और रक्षा अधिकारियों ने शुक्रवार को जानकारी दी कि सुरक्षा बलों ने दक्षिण कश्मीर के पुलवामा और शोपियां जिलों में चल रही मुठभेड़ में छह आतंकवादियों को मार गिराया है। इसके साथ ही दो दिनों में हुई दो मुठभेड़ों में कुल आठ आतंकवादी मारे गए हैं। गुरुवार को दो आतंकवादी मारे गए थे। भारतीय सेना के प्रवक्ता राजेश कालिया ने कहा कि मारे गए आतंकवादियों में पांच शोपियां में और तीन पुलवामा ढेर किए गए हैं।
कश्मीर जोन पुलिस ने ट्वीट किया कि आईजीपी कश्मीर विजय कुमार ने जानकारी दी है कि धैर्य और प्रोफेशनलिज्म काम आया। फायरिंग और आईईडी का कोई उपयोग नहीं हुआ। केवल आंसू गैस के गोले का ही इस्तेमाल किया गया। मस्जिद के अंदर छिपे दो आतंकवादियों को न्यूट्रलाइज किया गया।