लव जेहाद के लिए महिला को प्रेम जाल में फंसाकर शादी करने और गर्भवती करने के बाद घर से निकालने वाले आरोपी को इज्जतनगर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मामले में तीन अन्य आरोपी फरार हैं। उनकी तलाश में दबिश दी जा रही है।
इज्जतनगर में परतापुर निवासी युवती प्राइवेट नौकरी करती थी। नवंबर 2019 को इज्ज्तनगर के परतापुर निवासी ताहिर हुसैन ने उसे प्रेमजाल में फंसाया। उसने कहा कि शादी कर साथ में रहेंगे। इसके बाद उसने मंदिर में जाकर महिला की मांग में सिंदूर भर दिया। बाद में दोनों पति-पत्नी की तरह रहने लगे। दो महीने पहले महिला गर्भवती हो गई। उसने ताहिर से शादी का रजिस्ट्रेशन कराने के लिए कहा लेकिन वह टालमटोल करने लगा। आरोप है कि 20 नवंबर को वह उसके घर गई। उसके परिजनों से कहा तो ताहिर हुसैन, उसकी मां और भाई सगीर हुसैन व मुन्ना ने जमकर पीटा। उसके पेट में लात मारी, जिससे उसका दो माह का गर्भ भी गिर गया। ताहिर ने महिला से कहा कि उसने लव जेहाद के लिए उसने प्यार में फंसाया था। उसे गर्भवती कर अपने धर्म में शामिल करना था। युवती की तहरीर पर थाना इज्जतनगर में ताहिर और उसकी मां, भाई सगीर और मुन्ना के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। इस मामले में थाना पुलिस ने ताहिर को गिरफ्तार कर लिया। सोमवार को ताहिर को कोर्ट में पेश किया गया। इसके बाद उसे जेल भेज दिया गया।