देश में अब तक कोरोनावायरस के 2902 पॉजिटिव केस सामने आए हैं। इनमें से 30% तब्लीगी जमात के मरकज से लौटे लोगों की वजह से फैले हैं। पिछले 24 घंटे में संक्रमण के 601 मामले बढ़े और 12 मरीजों की मौत हुई। यह जानकारी स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से शनिवार शाम को दी गई। मंत्रालय के सचिव लव अग्रवाल ने बताया कि सबसे ज्यादा संक्रमण युवाओं में देखा गया है। अब तक मिले संक्रमितों में 42% की उम्र 21 से 40 साल है, जबकि 33% मरीज 41 से 60 उम्र के बीच हैं। 60 साल से ऊपर के 17% मरीज हैं। 0 से 20 साल के बीच सिर्फ 9% मामले देखे गए हैं।

अग्रवाल ने बताया कि कुछ जिलों में तेजी से संक्रमितों की संख्या बढ़ रही है। उन्हें कम के लिए विस्तृत प्लान बनाया जा रहा है। संक्रमण से जुड़े तकनीकी जानकारी के लिए 30 से ज्यादा मॉड्यूल बनाया गया है। इसे मंत्रालय की वेबसाइट पर जारी कर दिया गया है। सभी राज्यों के डॉक्टर्स और हेल्थ वर्कर्स को इसके जरिए ट्रेनिंग दी गई। आईसीएमआर के अधिकारी ने बताया कि अब सरकार का फोकस है टेस्टिंग की संख्या बढ़ाने पर। एक सप्ताह में 70 हजार टेस्टिंग करने की क्षमता अब हमारे पास है। हम लोग धीरे-धीरे टेस्टिंग की क्षमता बढ़ा रहे हैं।

स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि तब्लीगी जमात से संबंधित केस 17 राज्यों से मिले हैं। कुल संक्रमितों में से 1023 केस तब्लीगी जमात से हैं। ये लोग तमिलनाडु, दिल्ली, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, अंडमान निकोबार, उत्तराखंड, केरल, अरुणाचल प्रदेश, हरियाणा सहित अन्य प्रदेशों से हैं। इनके संपर्क में आए 22 हजार लोग क्वारैंटाइन हैं। अग्रवाल ने कहा कि हम इसमें शामिल सभी लोगों की तलाश कर रहे हैं। हमारी लड़ाई जारी है। अगर हम एक भी व्यक्ति को ढूंढ नहीं पाते हैं तो हमारे साथ पूरे देश की मुश्किलें बढेंगी। हम लोगों से अपील करते हैं कि वे हमारा साथ दें।

गृह मंत्रालय ने बताया कि पूरे देश में लॉकडाउन सरकार के दिशा-निर्देशों के मुताबिक चल रहा है। इस दौरान जरूरी सामान की कमी न हो, इसके लिए सप्लाई बढ़ाई गई है। इसके अलावा केंद्र की ओर से राज्यों को आपदा फंड की पहली किश्त 11 हजार 92 करोड़ जारी की जा चुकी है। कोरोना के खिलाफ लड़ाई में राज्य इसे अपने हिसाब से इस्तेमाल कर सकते हैं। वहीं, लॉकडाउन के कारण जगह-जगह फंसे मजदूरों की परेशानियां दूर करने के लिए मंत्रालय ने कंट्रोल रूम बनाया गया। जिसमें 200 कर्मचारी लगे हुए हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here