मुजफ्फरपुर। जिस लड़की ने छेडख़ानी व अन्य आरोप लगाए, उस पर आरोपित साकेतपुरी के वैभव मिश्रा ने दो लाख रुपये रंगदारी मांगने की प्राथमिकी सदर थाना में दर्ज कराई है। पहले के केस को वापस लेने इसमें खर्च हुए दो लाख रुपये रंगदारी के रूप में देने व केस में फंसा कर जेल भेजने की धमकी देने का आरोप भी लड़की पर लगाया है। लड़की ने काजीमोहम्मदपुर थाना में वैभव पर प्राथमिकी दर्ज कराई थी।

 

पहले भी दर्ज कराया था मामला

प्राथमिकी में वैभव मिश्रा ने कहा है कि वर्ष 2018 में एक युवती ने उस पर राजनीतिक प्रतिद्वंद्वियों के बहकावे में आकर महिला थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। बाद में उसने कोर्ट में सुलह कर ली। उस केस में यह लड़की गवाह थी। जेल में बंद व बाहर रह रहे आधा दर्जन लोगों ने साजिश कर उस लड़की से केस करा दिया। जांच में यह मामला झूठा साबित हुआ। उसके जेल से बाहर निकलने पर उस पर हमला किया गया। नगर, सदर थाना में चार केस दर्ज है। नामजद आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं हुई। 26 जुलाई को उसके साथी मुकेश को चौराहे पर उस लड़की ने झूठा केस कर जेल भेजने की धमकी दी।

 

आपत्तिजनक तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल करने का आरोप

उधर, उस लड़की ने काजीमोहम्मदपुर थाना में वैभव मिश्रा सहित दो पर प्राथमिकी दर्ज कराई है। उसने आरोप लगाया है कि बीबीगंज से गुजरने के दौरान उसके साथ छेडख़ानी की गई। उसकी आपत्तिजनक तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि दोनों मामले की जांच की जा रही है।