आखिरकार रामभक्तों का इंतजार खत्म हुआ। बुधवार को मंगल बेला आई। अयोध्या में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने श्रीराम जन्मभूमि पर भव्य मंदिर निर्माण के लिए आधारशिला रखी। इसके साथ ही रामभक्तों का उल्लास दोगुना हो गया। राम भक्ति के उल्लास में श्रीकृष्ण की ब्रजभूमि भी सराबोर हो गई। मथुरा के मंदिर घंटा-घड़ियाल और शंख की ध्वनि से गूंजायमान हो गए। इस अवसर पर कान्हा की नगरी में आस्था के अद्भुत रंग दिखाई दिए।

बुधवार को जब अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण के लिए भूमिपूजन किया जा रहा था, उस समय मथुरा का प्रमुख श्रीकृष्ण जन्मस्थान मंदिर परिसर घंटे-घड़ियालों और शंख की ध्वनि से गूंजता रहा।

अयोध्या के शुभ मुहूर्त के हिसाब से श्रीकृष्ण जन्मस्थान मंदिर के भागवत भवन में संस्थान के सचिव कपिल शर्मा ने राम दरबार की आरती उतारी। इस दौरान पूरा मंदिर परिसर राममय हो गया।

अयोध्या में राममंदिर भूमि पूजन कार्यक्रम में श्रीकृष्ण जन्मस्थान सेवा संस्थान के दो पदाधिकारियों को निमंत्रण पत्र भेजा गया था। वो भी अयोध्या पहुंचकर इस पल के साक्षी बने हैं।

राममंदिर के भूमि पूजन के शुभ अवसर पर राधारानी के गांव बरसाना में आस्था के अद्भुत रंग बिखरे। यहां बृषभान कुंड में नौका विहार में अखंड रामायण पाठ शुरू हुआ।

मथुरा के प्रसिद्ध विश्राम घाट पर रामभक्तों ने मां यमुना का पूजन किया। इस दौरान यमुना के घाट जय श्रीराम के जयकारों से गूंजायमान हो गए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here