492 वर्षों की लंबी प्रतीक्षा आज खत्म हो रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अयोध्या में आज 12 बजकर 15 मिनट और 15 सेकंड पर राम मंदिर का भूमिपूजन करेंगे। खास बात यह है कि भगवान श्रीराम ने अभिजित मुहूर्त में जन्म लिया था और उसी मुहूर्त में आज मंदिर के लिए भूमिपूजन होने जा रहा है। राज्यपाल आनंदी बेन, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, संघ प्रमुख भागवत समेत कई विशिष्ट हस्तियां इसकी साक्षी बनेंगी। पीएम मोदी आज साढ़े नौ बजे दिल्ली से विशेष विमान से रवाना होंगे। हालांकि खबर आ रही है अयोध्या में मौसम खराब हो गया है। अचानक तेज हवा के साथ सुबह हुई बारिश ने राम नगरी की तैयारी पर भी असर डाला है।

इन नदियों से आया पवित्र जल
गंगा, यमुना, नर्मदा, गोदावरी, कृष्णा, कावेरी, सिंधु, ब्रह्मपुत्र, सतलुज, रावी, चिनाब व व्यास समेत अन्य नदियां। रामभक्तों ने देश के प्रसिद्ध पवित्र कुंडो का जल भी अयोध्या भेजा है।

इन स्थानों से आई मिट्टी
हल्दीघाटी, चित्तौड़, दुर्ग, स्वर्ण मंदिर के कुंड का जल व मिट्टी, वैष्णो देवी, मैसेकर घाट, सभी ज्योतिर्लिंगों के प्रांगण की मिट्टी, सरस्वती उद्गम स्थल का जल व रज, रविदास मंदिर काशी, बाबा साहेब आंबेडकर की इच्छा भूमि व संघ की उद्गम स्थली नागपुर की रज व पवित्र जल, मानसरोवर की पवित्र रज व जल।

अयोध्या नगरी सील, गाड़ियों को नहीं मिल रही प्रवेश 
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन को देखते हुए अयोध्या में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। अयोध्या नगरी के बाहर और अंदर कई नाके बनाए गए हैं। जहां गाड़ियों की चेकिंग हो रही है और बाहर से किसी वाहन को अंदर आने की इजाजत नहीं दी जा रही है।

ट्रस्ट के पास अब तक जमा हो चुकी है 30 करोड़ से अधिक राशि
श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष स्वामी गोविंद देव गिरी ने बताया कि मेरे अनुमान के मुताबिक श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के पास चार अगस्त तक 30 करोड़ से अधिक राशि जमा हो चुकी है। कल तक हमारे पास और 11 करोड़ रुपये का फंड जमा हो जाएगा, जिसे मोरारी बापू ने देशवासियों से इकट्ठा किया है।

बाबा रामदेव ने हनुमानगढ़ी में दर्शन पूजन किया
योग गुरु बाबा रामदेव ने हनुमानगढ़ी पहुंचे। उन्होंने दर्शन पूजन किया। अयोध्या में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी है, हर जगह पुलिस और सुरक्षाबल तैनात हैं।

पीएम के आने से पहले सैनिटाइजेशन
हनुमानगढ़ी में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आने से पहले एक बार फिर से मंदिरों में सैनिटाइजेशन किया जा रहा है।

अयोध्या में मौसम खराब
अयोध्या में मौसम खराब होने की खबर है। कभी भी बारिश हो सकती है। काले बादल छाए हुए हैं। इससे पहले आंधी से होर्डिंग और बैनर उड़ गए थे। ग्रामीणों इलाकों में तेज बारिश हुई थी।

सवा लाख लड्डू होंगे तैयार 
भूमि पूजन समारोह के लिए अयोध्या में करीब सवा लाख लड्डू तैयार हो रहे हैं। इन्हें प्रसाद के रूप में पूरे देश में वितरित किया जाएगा।

तीन लेयर की सुरक्षा
प्रधानमंत्री मोदी के कार्यक्रम में शामिल होने के चलते अयोध्या की सुरक्षा व्यवस्था को तीन चक्र में बांटा गया है। पहले चक्र की सुरक्षा का जिम्मा एसपीजी के हवाले है जबकि दूसरे चक्र में अर्धसैनिक बल तैनात हैं। तीसरे और शहर के भीतर की सुरक्षा की जिम्मेदारी स्थानीय पुलिस के हवाले है।

मंदिर स्थल के पास एनएसजी कमांडो तैनात
पूरे अयोध्या के अलावा मंदिर स्थल के पास सुरक्षा व्यवस्था बहुत ही कड़ी है। जानकारी के मुताबिक, एनएसजी कमांडो समेत 4000 सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है। कम से कम 75 चेक पोस्ट बनाए गए हैं। सोमवार रात से ही जिले की सीमाओं को सील कर दिया गया है।

सीएम योगी ने किया ट्वीट
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज सुबह ट्वीट किया। उन्होंने लिखा कि “जासु बिरहं सोचहु दिन राती। रटहु निरंतर गुन गन पांती॥ रघुकुल तिलक सुजन सुखदाता। आयउ कुसल देव मुनि त्राता।। प्रिय राम भक्तों, आपका अभिनंदन, आपको बधाई जय श्री राम!”

चौराहों और सड़कों पर भगवा झंडे
अयोध्या जाने वाले सभी रास्तों और चौराहे भगवा रंग में रंगे दिखाई देंगे। शायद ही कोई ऐसा चौराहा या सड़क होगी, जहां भगवा झंडे न दिखाई दें।

40 किलो चांदी की ईंट से रखी जाएगी मंदिर की नींव
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अयोध्या पहुंचेंगे। भूमि पूजन के दौरान वो 40 किलो की चांदी की ईंट राममंदिर की नींव में रखी जाएगी। इसके बाद वो मंदिर परिसर में पारिजात का पौधा लगाएंगे। सबसे पहले वो हनुमान गढ़ी में दर्शन के लिए जाएंगे।

सभी मंदिरों को एक बार फिर सैनेटाइज किया गया
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन और कोरोना संक्रमण को देखते हुए, एक बार फिर से सभी मंदिरों को सैनेटाइज किया जा रहा है।

भूमि पूजन से पहले मनी दिवाली
अयोध्या में राममंदिर निर्माण का भूमि पूजन आज प्रधानमंत्री करेंगे, लेकिन उससे पहले ही दिवाली मनाई गई। शहर के राम मंदिरों में लोगों ने दीप जलाए। घरों को भी रंग बिरंगी झालरों से सजाया गया। लोगों में राममंदिर निर्माण के भूमि पूजन को लेकर जबरदस्त उत्साह है।

अयोध्या में मौसम खराब, आंधी से उड़े होर्डिंग और बैनर
राम नगरी में आज सुबह अचानक तेज हवा के साथ बारिश हुई। बारिश ने राम नगरी में तैयारियों पर भी असर डाला है। कई स्थानों पर तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की ओर से लगाए गए होर्डिंग, केसरिया झंडे समेत सड़कों पर सजाए गए कलशों को नुकसान पहुंचा है। तोरण द्वार भी प्रभावित हुए हैं। ग्रामीण इलाकों में तेज आंधी के साथ बारिश हुई थी।

एक साथ 50 हजार लोग कर सकते हैं पूजा
क्षेत्रफल : 84,600 वर्गफुट, पहले 37,590 वर्ग फुट था
लंबाई : 360 फुट, पहले 268 फुट 5 इंच
चौड़ाई : 235 फुट, पहले 140 फुट थी
ऊंचाई : 161 फुट, पहले 128 फुट
50 हजार से अधिक भक्त एक साथ कर सकते हैं पूजा, पहले 20 हजार थी क्षमता
पहले अग्रभाग, सिंहद्वार, नृत्यमंडप, रंगमंडप के बाद गर्भगृह था। अब गर्भगृह और रंगमंडप के बीच गूढ़ मंडप बनेगा। इसके दाएं-बाएं कीर्तन व प्रार्थना मंडप होगा।
मंदिर निर्माण के लिए देश से लगभग 1500 पवित्र एवं ऐतिहासिक स्थलों की मिट्टी तथा 100 से अधिक पवित्र नदियों एवं सैकड़ों कुण्डों का जल आ चुका है

तीन घंटे रहेंगे पीएम
9:35 बजे दिल्ली से विशेष विमान से होंगे रवाना।
10:35 बजे लखनऊ एयरपोर्ट पर लैंडिंग।
10:40 बजे हेलिकॉप्टर से अयोध्या के लिए प्रस्थान।
11:30 बजे अयोध्या साकेत कॉलेज के हेलिपैड पर लैंडिंग।
11:40 बजे हनुमान गढ़ी पहुंचकर 10 मिनट दर्शन-पूजन।
12 बजे राम जन्मभूमि परिसर पहुंचेंगे। 10 मिनट में रामलला विराजमान का दर्शन-पूजन। रामलला परिसर में पारिजात का पौधारोपण। भूमिपूजन, राम मंदिर की आधारशिला की स्थापना।
1.10 बजे महंत नृत्यगोपाल दास सहित ट्रस्ट कमेटी से करेंगे भेंट।
2:05 बजे साकेत कॉलेज हेलिपैड के लिए प्रस्थान।
2:20 बजे लखनऊ के लिए उड़ेगा हेलिकॉप्टर।

07:14 AM, 05-AUG-2020
Live: आज राम मंदिर के लिए भूमि पूजन, अयोध्या सील, गाड़ियों का प्रवेश बंद
492 वर्ष बाद अंतत: शुभ घड़ी आ ही गई। अयोध्या में भव्य श्रीराम जन्मभूमि मंदिर निर्माण की 5 सदी से चली आ रही प्रतीक्षा समाप्त होने का ऐतिहासिक पल आ गया है। बुधवार को शुभ मुहूर्त दोपहर 12 बजकर 15 मिनट 15 सेकंड पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों श्रीराम जन्मभूमि स्थल पर मंदिर निर्माण के लिए भूमिपूजन के साथ ही औपचारिक रूप से मंदिर निर्माण के कार्य का शुभारंभ हो जाएगा। इस ऐतिहासिक पल की साक्षी बनेंगी राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, संघ प्रमुख मोहन भागवत, श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्यगोपाल दास समेत तमाम हस्तियां।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here