मिर्जापुर में बेमौसम हुई बरसात गुरुवार को कहर बनकर टूटी। लालगंज थाना क्षेत्र के बरोधा गांव में भारी बरसात से पुराने मकान का बारजा गिर गया। बरजा के नीचे सो रही दो साल की बच्ची समेत तीन की मौत हो गई। चार लोग मलबे में दबे बताए जा रहे हैं। देर रात तक दबे लोगों को निकालने की कोशिश होती रही।

बरोधा गांव में गुल कौशल के घर उनकी पत्नी 55 वर्षीय बिल्किस अपनी ननद 50 वर्षीय मुन्नी और दो साल की पोती के साथ बारजा के नीचे सो रही थी। कुछ दूरी पर परिवार के चार अन्य सदस्य भी सोए थे। इसी बीच रात लगभग साढ़े नौ बजे तेज हवा के साथ भारी बारिश होने लगी।

आधे घंटे बाद ही मकान का जर्जर बारजा भरभरा कर गिर पड़ा। दोनों महिलाएं और दो साल बच्ची मलबे में पूरी तरह दब गईं। कुछ दूरी पर सो रहे परिवार के चार सदस्य भी मलबे की चपेट में आ गए। बारजा गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग भागकर मौके पर पहुंचे। तत्काल इसकी सूचना लालगंज थाने को दी और खुद मलबा हटाने में जुट गए। कुछ देर में ही पुलिस पहुंच गई।

बरसात होने के कारण मलबा हटाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। बिल्किस, उसकी ननद मुन्नी और दो साल की बच्ची को जब तक मलबे से निकाला गया तीनों की मौत हो चुकी थी। अन्य लोगों को मलबे से निकालने की कोशिश जारी थी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here