एसआरएन अस्पताल में गुरुवार रात ट्रामा सेंटर के गेट पर बैठी एक लावारिस बुजुर्ग महिला को वहां तैनात गार्ड ने बड़ी ही बेरहमी से पीटा। पैरों तले उसे रौंदा। महिला चीखती रही, चिल्लाती रही, लेकिन गार्ड को बुजुर्ग महिला पर जरा भी रहम नहीं आया। पैरों से मारकर उसे पीछे ढकेल दिया। सुबह इसकी जानकारी होने पर गार्ड के खिलाफ कार्रवाई करते हुए अस्पताल से उसकी सेवा समाप्त कर दी गई। जख्मी महिला को ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया।

अस्पताल के अंदर ट्रामा सेंटर में गुरुवार रात करीब 11 बजे एंबुलेंस से एक मरीज लाया गया था। उसे इमरजेंसी में भर्ती किया जा रहा था। इस दौरान ट्रामा सेंटर के गेट पर बैठी करीब 60 वर्षीय लावारिस एक महिला को गार्ड हटाने पहुंच गया। बताते हैं कि लावारिस बुजुर्ग महिला की मानसिक हालत ठीक नहीं है, इसलिए वह गार्ड की बातों को समझ नहीं पा रही थी। महिला नहीं हटी तो गार्ड आक्रामक हो गया। वह लात मारकर बुजुर्ग महिला को वहां से हटाने लगा। महिला चीखती रही, लेकिन गार्ड ने उसकी एक नहीं सुनी।

जूते पहने हुए अपने पैरों से उसे बड़ी ही निर्ममता से पीटा। उसके बाद पैरों से महिला को ढकेल दिया। बुजुर्ग महिला दर्द से कराहती हुई वहीं पड़ी रही। गार्ड के इस अमानवीय व्यवहार का वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने वीडियो बना लिया। सुबह उसे वायरल कर दिया। बाद में इसकी जानकारी अस्पताल के एसआईसी डॉ. एके श्रीवास्तव एवं मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. एसपी सिंह को हुई तो वह काफी नाराज हुए। उन्होंने जख्मी महिला को अस्पताल में भर्ती कराया। मामले की जानकारी डीएम भानु चंद्र गोस्वामी को हुई तो उन्होंने भी नाराजगी जताई। उसके बाद गार्ड के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उसे फौरन हटा दिया। उसकी सेवा समाप्त करने के लिए संबंधित एजेंसी को पत्र लिखा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here