दुनियाभर में कोरोनावायरस से अब तक 88 हजार लोगों की मौत हो चुकी है। 15 लाख 17 हजार संक्रमित हैं, जबकि तीन लाख 30 हजार से ज्यादा लोग ठीक हो चुके हैं। रूस में एक दिन में संक्रमण के 1,459 मामले मिले। इसके साथ ही देश में अब 10 हजार 131 केस हो गए हैं। रूस में 20 मार्च से अब तक एक लाख 64 हजार 600 नागरिक घर आ चुके हैं। यहां  76 लोगों की मौत हो चुकी है।

अमेरिका: एक दिन में 1,973 मौतें

अमेरिका में एक दिन में कोरोना के 33 हजार नए मामले सामने आए हैं, जबकि 1,973 लोगों की जान गई है। इसके साथ ही देश में मौतों का आंकड़ा 14 हजार 795 हो गया है, जबकि चार लाख 35 हजार संक्रमित हो चुके हैं। उधर, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने बुधवार को कहा कि डब्ल्यूएचओ महामारी से गलत तरीके से निपटा। उसे अपनी प्राथमिकताएं सही रखनी चाहिए। बीबीसी ने अपनी रिपोर्ट में ट्रम्प के हवाले से कहा, ‘‘एजेंसी को फंडिंग जारी रखनी चाहिए या नहीं, इस पर अमेरिका अध्ययन कर पुनर्विचार करेगा।’’

  • अमरीका के संक्रामक रोग विशेषज्ञ एंथनी फौसी ने कहा कि लोगों को हाथ नहीं मिलाने की प्रथा हमेशा के लिए छोड़ देनी चाहिए। इससे दुनियाभर में कोरोनावायरस को फैलने से रोकने में मदद मिलेगी। साथ ही फ्लू जैसी सभी बीमारियों में भारी कमी आएगी।
  • न्यूयॉर्क टाइम्स के मुताबिक, कैलिफोर्निया के गवर्नर गैविन न्यूसॉम ने बुधवार को बताया कि यहां 24 घंटे में 68 लोगों की मौत हुई है। इसके साथ मृतकों की कुल संख्या 450 हो गई है। राज्य के चिकित्साकर्मियों, सुपरमार्केट कर्मचारियों, मोटर वाहन विभाग के कर्मचारियों और सड़कों पर चलने वाले किसी भी अन्य कर्मचारियों के सुरक्षा उपकरणों पर 1.4 अरब डॉलर खर्च किया जाएगा।
  • नए रिसर्च में इसके संकेत मिले हैं कि कोरोनोवायरस फरवरी के मध्य में न्यूयॉर्क क्षेत्र में फैलना शुरू हो गया था। यह मुख्य रूप से यूरोप से लौटे यात्रियों द्वारा लाया गया था, न कि एशिया के।
  • न्यूयॉर्क के गवर्नर क्यूमो ने बुधवार को कहा- राज्य में पिछले 24 घंटे में 779 लोगों की मौत हुई है। यह एक दिन में मरने वालों का अब तक का सबसे बड़ा आंकड़ा है। एक दिन पहले यहां 731 लोगों की मौत हुई थी।न्यूयॉर्क में अब तक एक लाख 51 हजार से ज्यादा लोग संक्रमित हैं। यह आंकड़ा यूरोप के सबसे ज्यादा प्रभावित स्पेन, इटली और जर्मनी से भी ज्यादा है। वहीं, यहां छह हजार 268 लोगों की जान जा चुकी है।
  • न्यू जर्सी के गवर्नर फिलिप मर्फी ने कहा- यहां एक दिन में 275 लोगों की जान गई, एक दिन पहले 232 लोग मारे गए थे। यहां अब तक 1504 मौतें हो चुकी हैं।
  • एक विश्लेषण से पता चला कि कोरोनावायरस का असर अमेरिका में रहने वाले काले लोगों पर ज्यादा पड़ा है। शिकागो की कुल आबादी का 30% हिस्सा अफ्रीकी-अमेरिकियों का है। इनमें से 68% की मौत कोरोना से हो गई है। सोमवार को मीडियो ब्रीफिंग में शिकागो की मेयर लोरी लाइटफुट ने कहा, ‘‘ यही हाल उत्तरी कैरोलिना, लूसियाना, मिशिगन, विस्कॉन्सिन और राजधानी वाशिंगटन का भी है।’’
  • सीएनएन के मुताबिक, नेवाडा के गवर्नर स्टीव सिसोलक ने गुरुवार को कहा कि राज्य में आउटडोर मिटिंग्स, जिम, स्वीमिंग पूल और गोल्फ कोर्स समेत अन्य मनोरंजन स्थलों को अगली सूचना तक बंद कर दिया जाएगा। लोग अपनी निजी जगहों पर खेल सकते हैं। यहां फर्नीचर स्टोर्स, रीटेल शोरूम भी बंद कर दिए जाएंगे।

ब्रिटेन: 24 घंटे में 938 लोगों ने दम तोड़ा

ब्रिटेन में 24 घंटे में 938 लोगों ने दम तोड़ा है। देश में मौतों का आंकड़ा सात हजार से ज्यादा हो गया है, जबकि 60 हजार 733 लोग संक्रमित हैं। उधर, कोरोना से संक्रमित ब्रिटिश प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन अभी भी आईसीयू में हैं। 10 डाउनिंग स्ट्रीट के प्रवक्ता ने बुधवार को बताया कि प्रधानमंत्री का हौसला बहुत मजबूत है। उनकी हालत अब बेहतर है। तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें सोमवार रात लंदन के सेंट थॉमस अस्पताल के आईसीयू में भर्ती किया गया था।

इटली: बुधवार को 542 मौतें
इटली में बुधवार को 542 लोगों की मौत हुई और 3,836 संक्रमित हुए हैं। यहां अब तक 17 हजार 669 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि संक्रमण के एक लाख 39 हजार मामले मिल चुके हैं। देश में सोमवार (636) से मौतों में कमी आई है। मंगलवार को 604 लोगों की जान गई थी। हालांकि, संक्रमण के मामले बढ़ रहे हैं।

इटली की राजधानी रोम में कोरोना मरीज को अस्पताल ले जाते चिकित्सक। यूरोप में इटली में सहसे ज्यादा प्रभावित देश है। यहां 17 हजार से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है।

स्पेन: 24 घंटे में 747 लोगों की मौत

स्पेन में एक दिन में 747 लोगों की मौत हुई है, जबकि संक्रमण के 6,278 मामले सामने आए हैं। यहां अब तक 14 हजार 792 लोगों की जान जा चुकी है। वहीं, एक लाख 48 हजार संक्रमित हैं। स्पेन के प्रधानमंत्री पेड्रो सैंचेज ने गुरुवार को कहा कि देश में लॉकडाउन के नियमों में थोड़ी ढील दी जाएगी। सैंचेज ने कहा कि हम देश में सख्ती से लॉकडाउन लगा चुके हैं। अब इसमें राहत देने का समय आ गया है। हालांकि, उन्होंने कहा कि सामान्य स्थिति धीरे-धीरे बहाल होगी। इसके साथ ही उन्होंने सांसदों से 26 अप्रैल तक कम सख्ती के साथ लॉकडाउन का विस्तार को मंजूरी देने का अनुरोध भी किया।

ऑस्ट्रेलिया: पुलिस ने रुबी प्रिंसेज क्रूज से ब्लैक बॉक्स जब्त किया

ऑस्ट्रेलिया की पुलिस ने बुधवार रात केंबला पोर्ट पर खड़े रुबी प्रिंसेज क्रूज पर कार्रवाई की। क्रूज से बीते दिनों हजारों लोगों को सिडनी में उतरने दिया गया था। इसके बाद 15 यात्रियों की मौत हो गई थी। इसी मामले की छानबीन के लिए पुलिस ने गुरुवार को प्रोटेक्टिव गियर्स और मास्क पहनकर क्रूज पहुंची। पुलिस ने जहाज का ब्लैक बॉक्स जब्त कर लिया। इससे कुछ अहम साक्ष्य मिलने की उम्मीद है। देश में अब तक 6,104 संक्रमित हैं, जबकि 51 लोगों की मौत हुई है।

न्यूजीलैंड: विदेश से आने वाले यात्री 2 हफ्ते तक क्वारैंटाइन होंगे

विदेश से न्यूजीलैंड आने वाले सभी यात्रियों को शुक्रवार से कम से कम दो हफ्ते के लिए क्वारैंटाइन किया जाएगा। इसका मतलब है कि अब कोई भी नागरिक अपने घर में आइसोलेट नहीं हो सकता। देश की प्रधानमंत्री जेसिंडा अर्डर्न ने गुरुवार को इसकी घोषणा की। कोरोनो के नए मामलों में लगातार चौथे दिन कमी आई है। आंकड़े बताते हैं कि न्यूजीलैंड के 1,239 मामलों में से 41% विदेशी यात्रा से जुड़े हैं।

चीन: 63 नए मामले
चीन में बुधवार को कोरोना से जुड़े 63 नए मामले सामने आए हैं। इनमें 61 केस देश से बाहर से आए लोगों के हैं। एक दिन पहले यहां 62 केस मिले थे। हुबेई प्रांत में बुधवार को दो मौतें हुई। एक रिपोर्ट में बताया गया कि कुल 17 नए संदिग्ध मामले सामने आए हैं। चीन के हेल्थ कमीशन के मुताबिक, देश में अब तक 81 हजार 865 लोग संक्रमित हैं, जबकि 3.335 की मौत हो चुकी है।

रूस: विदेश में फंसे अपने 1200 नागरिकों को वापस लाया
विदेश में फंसे अपने 1,211 नागरिकों को वापस लाने के लिए रूस ने पिछले दो दिनों में आठ उड़ानें शुरू कीं। परिवहन मंत्रालय ने कहा, “पहले उप परिवहन मंत्री अलेक्जेंडर नेराडको ने सात और आठ अप्रैल को रूसी नागरिकों को वापस लाने वाली उड़ानों के बारे में जानकारी दी। इन दो दिनों में कुल 8 उड़ानों से 1211 नागरिकों को वापस लाया गया है। ”

द. अफ्रीका: लॉकडाउन नियम तोड़ने पर मंत्री 2 महीने के लिए सस्पेंड

दक्षिण अफ्रीका की संचार मंत्री स्टेला अंदाबेन को लॉकडाउन नियम तोड़ने पर दो महीने के लिए निलंबित कर दिया गया। उन पर आरोप है कि वे कुछ लोगों के साथ लंच पर गईं थीं। कुछ दिनों पहले सोशल मीडिया पर उनकी तस्वीरें वायरल हुई थीं। इसमें वे अपने कुछ दोस्तों के साथ लंच कर रही थीं। तस्वीरों में पांच लोग नजर आ रहे थे। इसके बाद अफ्रीकी राष्ट्रपति सिरिल रामफोसा ने बुधवार को उन्हें दो महीने की छुट्टी पर भेज दिया। साथ ही उन्हें सार्वजनिक रूप से माफी मांगने के लिए भी कहा। देश में 21 दिन का लॉकडाउन लगाया गया है। यहां 1749 लोग संक्रमित हैं, जबकि 13 लोगों की मौत हो चुकी है।

द. कोरिया: अब तक 10,423 संक्रमित
दक्षिण कोरिया में बुधवार को कोरोना के 39 नए मामलों की पुष्टि हुई। इसके साथ ही संक्रमितों की संख्या बढ़कर 10,423 हो गई है। वहीं, स्वास्थ्य मंत्रालय के रोग नियंत्रण और रोकथाम केंद्र (केसीडीसी) ने गुरुवार को बताया कि कोरोना से मरने वालों की संख्या 204 हो गई है। महामारी से अब तक 6,973 लोग ठीक हो चुके हैं। देश में अब तक चार लाख 68 हजार से ज्यादा लोगों को टेस्ट किया जा चुका है।

जिम्बाब्वे: पीपीई किट्स न मिलने पर डॉक्टरों ने सरकार पर मुकदमा किया
जिम्बाब्वे में डॉक्टरों ने सरकार पर मुकदमा कर दिया है। डॉक्टरों का कहना है कि सरकार उन्हें कोरोनावायरस संक्रमितों के इलाज के दौरान पीपीई (पर्सनल प्रोटेक्टिव इक्विपमेंट) किट्स नहीं उपलब्ध करवा रही है। जिम्बाब्वे एसोसिएशन फॉर डॉक्टर्स  फॉर ह्यूमन राइट्स (जेडएडीएचआर) ने चेतावनी दी है कि अगर किट्स नहीं मिली तो कई डॉक्टर और नर्सों को अपनी जान गंवानी पड़ेगी।

पेरू: 26 अप्रैल तक आपातकाल बढ़ा

पेरू प्रशासन ने कोरोनावायरस के मद्देनजर देश में 26 अप्रैल तक आपातकाल बढ़ा दी है। राष्ट्रपति मार्टिन विजकारा ने कहा, “आपातकालीन स्थिति को अगले दो हफ्ते यानी 26 अप्रैल तक बढ़ाना जरूरी है। कोरोना के खिलाफ सबसे कठिन समय सामने आ रहा है ऐसे में हम उससे लड़ने के अपने प्रयासों को कम नहीं कर सकते।” पेरू में 16 मार्च को 15 दिनों के लिए आपातकाल लगाया गया था, लेकिन फिर इसे 12 अप्रैल तक बढ़ा दिया गया था। पेरू में कोरोना से संक्रमित 4342 मामलों की पुष्टि हुई है जबकि 121 लोगों की मौत हो चुकी है।

सर्बिया: राष्ट्रपति एलेक्जेंडर वुसिक ने बेटे के संक्रमित होने की घोषणा की
सर्बिया के राष्ट्रपति एलेक्जेंडर वुसिक ने बुधवार को अपने बेटे डेनिलो के कोरोनावायरस से संक्रमित होने की घोषणा की। वुसिक ने ट्वीट किया, “जब यह सब शुरू हुआ, तो मेरे बेटे डानिलो ने कहा कि हार मानना ​​कोई विकल्प नहीं है। मेरा पहला बच्चा कोरोना से संक्रमित था और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बेटे, तुम यह भी जीतोगे। तुम्हारे पिता तुमसे प्यार करते हैं और हर कोई तुमसे प्यार करता है।” सर्बिया में अब तक 2,666 मामलों की पुष्टि हुई है जबकि 65 लोगों की मौत हो चुकी है।

डब्ल्यूएचओ महानिदेशक को जान से मारने की धमकी
विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के महानिदेशक टेड्रोस एडहोनम गेब्रेयेसिएस ने बुधवार को खुलासा किया कि कोरोना से लड़ाई अभियान के दौरान उन्हें जान से मारने की धमकी मिली है। उन्होंने बताया कि जान से मारने की धमकी ताइवान से किसी ने दी। कार्रवाई करने की बजाय ताइवान के अधिकारी उनकी ही आलोचना करने लगे। गेब्रेयेसिएस ने कहा- कोरोना से हर मिनट लोग मर रहे हैं। यदि हम जल्दी एकजुट नहीं हुए तो स्थिति और खराब हो सकती है। इससे पहले उन्होंने कहा था कि डब्ल्यूएचओ द्वारा कोरोना को एक अज्ञात वायरस के रूप में अधिसूचित किए हुए गुरुवार को 100 दिन हो रहे हैं। इन 100 दिनों में इस वायरस ने पूरी दुनिया को बदलकर रख दिया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here